Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम विभाग का अलर्ट, 17 जिलों में आंधी के साथ होगी बारिश, कई जिलों में गिरेंगे ओले

हिसार। हरियाणा में मौसम विभाग ने 17 जिलों में आज बारिश और धूल भरी आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव आया है। जिसके चलते बुधवार व वीरवार को बादलों का प्रभाव रहेगा। तेज गति से हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार दो दिन हल्की राहत के बाद 19 से 22 मई के दौरान एक बार फिर से हवाओं की दिशा में बदलाव होने से तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी अपना असर दिखाएगी। मगर 23 मई को एक नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 23 से 25 मई के दौरान फिर से प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिलेगी। 25 मई से नौतपा शुरु होगा। जिसमें शुरुआत के छह दिन गर्मी का पूरा असर रहेगा।
जानकारी के अनुसार जहां सोनीपत में सुबह आंधी के साथ तेज बारिश हुई और राई क्षेत्र में ओले भी गिरे। कई जिलों में भी गरज चमक और तेज हवा की सूचनाएं मिल रही हैं। रोहतक जिले में भी बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते हरियाणा में बुधवार सुबह मौसम बदल गया। हालांकि कई जिलों में धूप भी निकली है, लेकिन मौसम विभाग ने 17 जिलों के लिए बारिश, गरज चमक और धूल भरी आंधी की आशंका जताई है।
हालांकि बदले मौसम का फिलहाल रात्रि के तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा है। बीती रात को न्यूनतम तापमान सबसे कम 22.2 डिग्री यमुनानगर के दामला में दर्ज किया गया। वहीं कुरुक्षेत्र में रात सबसे गर्म रही। यहां रात का पारा 26.7 डिग्री पर पहुंच गया। हिसार के अग्रोहा क्षेत्र में गांव चिकनवास में बूंदाबांदी भी हुई।
बुधवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 240 तक पहुंच गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार वातावरण में पीएम 2.5 की मात्रा काफी ज्यादा बढ़ गई है। जो स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक है। आंधी व आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई।