Janta Time

Weather- पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम, ठंड बढ़ी, अभी और होगी बारिश

 | 
Haryana  weather

Weather Alert: हरियाणा व एनसीआर दिल्ली पर मौसम प्रणाली का असर जारी है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके पर प्री मानसून गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में वैशाख माह में सावन माह जैसा सुहावना मौसम बना हुआ है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे है। सम्पूर्ण इलाके पर लगातार बादलवाही, बूंदाबांदी व हल्की से मध्यम बारिश तथा एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज हो रही है।

राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डाॅ. चंद्रमोहन ने बताया कि मंगलवार रात एक नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने के कारण पहले से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को और मजबूती मिलेगी। जिसकी वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली पर आने वाले दो तीन दिनों तक एक बार फिर से प्री मानसून गतिविधियां में इजाफा होगा। बुधवार को इस मौसमी प्रणाली का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। हालांकि एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली पर सात मई तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मंगलवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली पर अधिकतर स्थानों पर बादल वाही व प्री मानसून गतिविधियों की वजह से तापमान में गिरावट जारी रही।

हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस से 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में भी गिरावट हुई। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस से 31.0 डिग्री सेल्सियस के बीच बीच दर्ज किया गया, जो तापमान सामान्य से 10.0 डिग्री सेल्सियस से 13.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा।