आज लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण! जानिए समय और कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण

Chandra Grahan 2023 Time In India: आज चंद्र ग्रहण, बुद्ध पूर्णिमा और वैशाख पूर्णिमा तीनों एक साथ पड़ रहे हैं. आज 5 मई, शुक्रवार की रात को साल का पहला चंद्र ग्रहण तुला राशि में लगेगा. यह चंद्र ग्रहण उपछाया चंद्र ग्रहण होगा और रात 8 बजे के बाद शुरू होगा. आइए जानते हैं चंद्र ग्रहण लगने का समय, सूतक काल और यह ग्रहण कहां नजर आएगा.
चंद्र ग्रहण 2023 का समय
साल का पहला चंद्र ग्रहण 5 मई 2023 शुक्रवार की रात 08:45 बजे शुरू होगा और देर रात 01:02 बजे समाप्त होगा. यह उपछाया चंद्र ग्रहण होगा. उपछाया से पहला स्पर्श काल रात 08:45 पर है. वहीं परमग्रास चंद्र हण काल- रात 10:53 बजे से होगा. इसके बाद उपछाया से अंतिम स्पर्श काल रात 01:02बजे होगा. इस चंद्र ग्रहण की कुल अवधि- 04 घंटे 15 मिनट की है.
चंद्र ग्रहण का सूतक काल
हिंदू धर्म चंद्र ग्रहण का सूतक काल 9 घंटे पहले शुरू होता है. वहीं सूर्य ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले शुरू होता है. चूंकि भारत में यह ग्रहण दृश्यमान नहीं होगा, यानी कि दिखाई नहीं देगा, लिहाजा इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा. वरना सूतक काल के दौरान कई नियमों का पालन करना होता है.
कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण 2023
साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण दक्षिण/पूर्वी यूरोप, एशिया के अधिकांश हिस्से, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, प्रशांत, अटलांटिक, हिंद महासागर और अंटार्कटिका में दिखाई देगा.
कब लगेगा साल 2023 का दूसरा चंद्र ग्रहण
साल 2023 का अंतिम और दूसरा चंद्र ग्रहण 29 अक्टूबर 2023 रविवार को लगेगा. दूसरा चंद्र ग्रहण 29 अक्टूबर की रात 01:06 पर शुरू होगा और मध्यरात्रि 02:22 बजे समाप्त होगा. दूसरा चंद्र ग्रहण खंडग्रास चंद्र ग्रहण होगा और यह भारत में दिखाई देगा.
चंद्र ग्रहण के दौरान ना करें ये काम
चंद्र ग्रहण के दौरान भगवान की मूर्ति को स्पर्श न करें. ना ही मंदिर के पट खुले रखें.
चंद्र ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ न करें. मंत्र जाप, प्रार्थना की जा सकती है.
चंद्र ग्रहण के दौरान भोजन करने से बचें. हालांकि बच्चे, बीमार, गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग तुलसी के पत्ते डला फलाहार कर सकते हैं.
चंद्र ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाएं बाहर न निकलें. ना ही ग्रहण काल में चाकू, छुरी, कैंची जैसी नुकीली चीजों का प्रयोग करें.
चंद्र ग्रहण में सोने से बचें, जितना हो सके मन में ईष्ट का नाम जपें.