बिल्ली से ज्यादा अशुभ होता है इन जानवरों का रास्ता काटना, देखते ही हो जाना चाहिए सतर्क

बिल्ली से जुड़ी कई शुभ और अशुभ धारणाएं लोगों के मन में व्याप्त है। कई लोग बिल्ली के रास्ता काटने को अशुभ मानते हैं। वहीं नारद पुराण के अनुसार, घर में बिल्ली का बार-बार आना अशुभ माना गया है।
हालांकि शकुनशास्त्र के मुताबिक, बिल्ली का रास्ता काटना हमेशा अशुभ नहीं होता है। ऐसा माना जाता है कि जब बिल्ली बाईं ओर से दाईं ओर रास्ता काट रही हो तो यह शुभ होता है। इसके साथ ही शकुनशास्त्र के मुताबिक, कुछ विशेष परिस्थितियों में किसी खास पशु पक्षी का रास्ता काट देना भी बड़ा अपशगुन माना जाता है। ये किसी बड़ी परेशानी का भी संकेत होता है। जानते हैं ऐसे ही कुछ जानवरों के बारे में जिनका रास्ता काटना बिल्ली से भी ज्यादा अशुभ होता है।
नेवला
शकुनशास्त्र के अनुसार, अगर नेवला सामने से आकर रास्ता काट जाए ऐसे में कुछ वक्त ठहर जाना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि आपके विरोधी काम में बाधा पैदा कर सकते हैं। लेकिन सुबह उठते ही नेवले का दिखाई देना बहुत शुभ भी माना जाता है। यह धन वृद्धि कारक संयोग माना गया है।
गाय का झुंड
शकुनशास्त्र के मुताबिक, अगर गाय का झुंड रास्ता रोक दे तो कुछ देर रुक जाना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इससे आने वाले संकट से बचाव होता है। इसी के साथ अगर गाय के रंभाने की आवाज सुनाई दे तो समझ जाना चाहिए कि आपकी यात्रा मंगलमयी नहीं होगी।
कीचड़ में सना हुआ कुत्ता
अगर घर से निकलते वक्त कीचड़ से सना हुआ कुत्ता आपके सामने आ जाए तो यह अशुभ फलदायी होता है। ऐसा कहा जाता है कि इसका परिणाम आने वाले समय में आपको भुगतना पड़ सकता है। वहीं अगर मुंह में हल्दी लगा मांस का टुकड़ा लिए कुत्ता दिख जाएं तो यह शुभ होता है।