शिव का गायब होने वाला मंदिर
दिन में दो बार गायब होता है मंदिर

शिव का अनोखा मंदिर
गायब हो जाता है मंदिर
समुन्द्र करता है जलाभिषेक
आप भगवान शिव के ऐसे मंदिर में गए होंगे जहां उनकी एक मूर्ती स्थापित है और श्रद्धालु उनकी सच्चे दिल से पूजा कर रहे होते हैं। लेकिन आपने कभी ऐसा मंदिर देखा है, जहां भगवान शिव पूरे दिन में केवल दो बार दर्शन देने के लिए आते हैं और पूरा मंदिर फिर जलमग्न हो जाता है? नहीं देखा? शायद आपको इस मंदिर के बारे में पता भी नहीं होगा, तो चलिए आज हम आपको इस मंदिर से रूबरू कराते हैं। स्तम्भेश्वर महादेव मंदिर गुजरात की राजधानी गांधीनगर से लगभग 175 किमी दूर जंबूसर के कवि कंबोई गांव में मौजूद है। मंदिर 150 साल पुराना है, जो अरब सागर और खंभात की खाड़ी से घिरा हुआ है। इस मंदिर की महिमा देखने के लिए आपको यहां सुबह से लेकर रात तक रुकना पड़ेगा। भगवान शिव का यह मंदिर दिन में दो बार गायब हो जाता है। अपनी इसी खासियत की वजह से ये मंदिर भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करता है। यहां आने वाले भक्त हर दिन इस मंदिर को गायब होते देखते हैं। इस अद्भुत स्तंभेश्वर महादेव मंदिर को गायब मंदिर नाम से भी जाना जाता है।
इसलिए गायब हो जाता है मंदिर
आंखों के सामने से गायब होने के कुछ समय बाद ही ये मंदिर अपने स्थान पर नजर आने लगता है। वैसे यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि प्रकृति की एक मनोहारी परिघटना है। समुद्र किनारे मंदिर होने की वजह से जब भी ज्वार-भाटा उठता है, तब पूरा मंदिर समुद्र में समा जाता है। यही वजह है कि लोग मंदिर के दर्शन तभी तक कर सकते हैं, जब समुद्र में ज्वार कम हो। ऐसा बरसों से होता आ रहा है यह आज की बात नहीं है। ज्वार के समय समुद्र का पानी मंदिर के अंदर आता है और शिवलिंग का अभिषेक कर वापस लौट जाता है। यह घटना प्रतिदिन सुबह और शाम को घटित होती है। अरब सागर के मध्य कैम्बे तट पर स्थित मंदिर में सागर में सामने से इस मंदिर को देखने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रहती है।